देश post authorAdmin 12-Aug-2020 (0)

नहीं रहे कांग्रेस के तेज़तर्रार प्रवक्ता, हार्ट अटैक से राजीव त्यागी का निधन

post

कांग्रेस के तेज़ तर्रार प्रवक्ता राजीव त्यागी का निधन हो गया है।  राजीव त्यागी की तबीयत अचानक खराब हो गई थी।  उन्हें गंभीर हालत में गाजियाबाद के यशोदा अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
राजीव त्यागी कांग्रेस के तेज-तर्रार प्रवक्ता थे और टीवी चैनलों पर डिबेट में प्रभावशाली तरीके से पार्टी का पक्ष रखते थे।
 जानकारी के मुताबिक राजीव त्यागी की मौत हार्ट अटैक की वजह से हुई।
पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने ट्विटर पर लिखा, 'कांग्रेस ने आज अपना एक बब्बर शेर खो दिया। राजीव त्यागी के कांग्रेस प्रेम व संघर्ष की प्रेरणा हमेशा याद रहेंगी। उन्हें मेरी भावभीनी श्रद्धांजलि व परिवार को संवेदनाएं।'
 कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने त्यागी के निधन को अपूरणीय क्षति बताया। उन्होंने ट्वीट किया, 'भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के प्रवक्ता राजीव त्यागी की असामयिक मृत्यु मेरे लिए एक व्यक्तिगत दुख है। हम सबके लिए अपूरणीय क्षति है। राजीव जी विचारधारा समर्पित योद्धा थे। कांग्रेस की ओर से परिजनों को हृदय से संवेदना।

 कांग्रेस ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर राजीव त्यागी के निधन पर शोक जताया है। कांग्रेस ने लिखा है कि राजीव त्यागी के अचानक निधन से हम सभी बेहद दुखी हैं, वे एक पक्के कांग्रेसी और सच्चे देशभक्त थे, इस दुख की घड़ी में हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं परिवार के साथ है। 

भारतीय  जनता पार्टी के प्रवक्ता संबित पात्रा ने त्यागी के निधन पर शोक जताया। उन्होंने ट्विटर पर लिखा, 'विश्वास नहीं हो रहा है कि कांग्रेस के प्रवक्ता मेरे मित्र राजीव त्यागी हमारे साथ नहीं हैं। जीवन बहुत अनिश्चित है... अभी भी शब्द नहीं मिल रहे हैं।'

 

ये भी पढ़ें

Leave a Comment