सीएम ने वर्चुअल रैली को किया सम्बोधित, ये रही सम्बोधन की बड़ी बातें

post

मुख्यमंत्री ने बुधवार को पिथौरागढ़ विधानसभा की वर्चुअल रैली को सम्बोधित करते हुए कहा कि जनपद पिथौरागढ़ की सीमा नेपाल एवं चीन से जुड़ी है। इस जनपद का सामरिक दृष्टि से भी बड़ा महत्व है।

 राज्य सरकार द्वारा किये गये विशेष प्रयास से चीन सीमा तक लिपूलेख सड़क निर्माण में तेजी आयी है। उन्होंने कहा कि नेपाल हमारा मित्र राष्ट्र है उससे हमारी रोटी बेटी व सांस्कृतिक संबंध है। हम एक दूसरे पर विश्वास करते आये हैं। आज कुछ वैचारिक व अन्य कठिनाई उनकी ओर से उत्पन्न हुई है। यद्यपि इसके लिये नेपाल के लोग भी अपनी सरकार का विरोध कर रहे हैं। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि लिपूलेख के साथ ही लद्दाख सीमा तक सडकों के निर्माण एवं सीमान्त क्षेत्रों में हवाई अड्डों के विस्तार से  चीन परेशान है। आत्म निर्भर भारत एवं लोकल से वोकल के प्रधानमंत्री के आह्वान से चीन अपने सामान की मार्केटिंग से चिन्तित है 

कोविड -19 के कारण भी चीन दुनिया में बदनाम हो रहा है। इसलिये वह सीमा पर इस प्रकार की हरकत कर रहा है। सीएम ने कहा कि गलवन में हमारे सैनिकों ने जिस वीरता से स्थिति का सामना किया वह शौर्य एवं साहस की मिशाल है। इस का परिणाम है कि आज चीन पूर्व स्थिति में लौटने तथा नियंत्रण रेखा पर यथा स्थिति बनाये रखने को तैयार हुआ है।

 इस अवसर पर सीमा पर शहीद हुए सैनिकों के बलिदान को नमन करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि देश उनकी शहादत की कीमत वसूलेगा। उन्होंने कहा कि आज का भारत 2020 का भारत है। विश्व की पाँच महाशक्तियों में हम शामिल हैं। हमारे जवानों में जल, थल, नभ व हिमाच्छादित चोटियों पर लड़ने  का जज्बा है। प्रधानमंत्री के कुशल साहसिक नेतृत्व में देश को पूरा भरोसा है। हमारे वीर जवान साहस व सम्मान के साथ देश की सुरक्षा में जुटे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आत्म निर्भर भारत का आह्वान किया है, इसके लिये 20 लाख करोड़ का पैकेज दिया है। गरीबों को निशुल्क राशन उपलब्ध करायी गई है। कोरोना संकट की इस घड़ी में कोई भूखा न रहे इसके लिये प्रवासियों सहित देश के अन्तिम छोर तक राशन उपलब्ध कराया गया। उन्होंने आपदा के इस दौर में पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा जरूरतमंदों को आवश्यक सहायता पहुंचाने में सहयोगी बनने के लिये बधाई दी। उन्होंने युवा मोर्चा के सदस्यों द्वारा बड़ी संख्या में रक्तदान के लिये शिविरों का आयोजन के लिये भी सराहना की। 

उन्होंने कहा कि हमें अपने लोगों की मदद के लिये आगे भी तैयार रहना होगा, हमारा संघर्ष अभी जारी है।

 उन्होंने कहा कि कोविड - 19 की रोकथाम के लिये हमारे प्रयास निरन्तर जारी है। हमारा रिकवरी रेट 64 प्रतिशत है। प्रतिदिन 1600 टेस्ट हो रहे हैं, जबकि शुरूआत में हमारे पास कोई लैब नहीं थी। टेस्टिंग की हाईटेक मशीनों की व्यवस्था के साथ ही टूनॉट मशीनों की भी उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। उन्होंने कहा कि राज्य में एक सप्ताह के अन्दर 2000 टेस्टिंग प्रतिदिन क्षमता विकसित कर इसकी वेटिंग समाप्त हो जायेगी। हमारा प्रयास है कि टेस्टिंग की रिपोर्ट उसी दिन प्राप्त हो जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस दिशा में भारत सरकार का हमें पूरा सहयोग मिल रहा है। कोविड मद में धन की पर्याप्त व्यवस्था है। राज्य में आई.सी.यू, वेंटीलेटर की क्षमता  बढ़ाई गई है। लगभग 2500 डॉक्टरों की नियुक्ति की गई है। डी.एम व सी.एम.ओ को आवश्यक कार्मिकों की नियुक्ति के अधिकार दिये गये हैं। इस महामारी से बचाव में हमारे पुलिस कर्मियों, डॉक्टरों, पैरामेडिकल स्टाफ ग्राम प्रधानों ने बड़ी अहम जिम्मेदारी निभाई, उनकी संवेदनशीलता की सभी सराहना कर रहे हैं। 

ये भी पढ़ें

Leave a Comment