भारी बारिश से हाहाकार, यहां निर्माणाधीन दीवार गिरने से 9 लोगों की मौत

post

भारी बारिश से हाहाकार मचा है।  यूपी में लखनऊ के हजरतगंज में बारिश से बड़ा हादसा हो गया। दिलकुशा कालोनी में निर्माणाधीन दीवार गिरने से उसके नीचे दबकर नौ लोगों की मौत हो गई और दो लोग घायल हो गए। मृतकों में दो बच्चे भी शामिल हैं।
वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने घटना पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के लिए मुआवजे का एलान कर दिया है। मुख्यमंत्री योगी ने हादसे में हुई जनहानि पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने अफसरों को घायलों को उचित इलाज मुहैया कराने का निर्देश दिया है। 
बता दें कि दिलकुशा कॉलोनी में पुरानी दीवार का निर्माण कार्य चल रहा था जिसके लिए मजदूर रुके हुए थे। दीवार का वह हिस्सा गिरा जो कि पहले मजबूती से खड़ा हुआ था। हादसे से चीख पुकार मच गई। 
घटना की सूचना प्राप्त होते ही जिलाधिकारी सूर्य पाल गंगवार दिलकुशा कॉलोनी पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने बताया कि दुर्घटना कल रात से हो रही बारिश के कारण निर्माणाधीन दीवार गिरने से हुई। दो घायलों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां डॉक्टरों ने दोनों को खतरे के बाहर बताया गया है। जिलाधिकारी ने सिविल हास्पिटल पहुंच कर उनका हालचाल लिया। जिलाधिकारी ने बताया कि हादसे में मृत लोगों के परिजनों को आपदा राहत के अंतर्गत मुख्यमंत्री की ओर से 4-4 लाख रुपये की सहायता प्रदान करने की घोषणा की गई है।
रेस्क्यू में सैन्यकर्मियों ने भी मदद की। दीवार सेना के अधिकारियों की कॉलोनी की थी। यहां डेढ़ सौ से अधिक अफसर रहते हैं।

 

ये भी पढ़ें

Leave a Comment