विकासनगर के कालसी तहसील क्षेत्रांतर्गत हरिपुर मीनस मोटर मार्ग पर बस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दर्जन भर से अधिक लोग घायल हो गए। हादसा उस वक्त हुआ जब हिमाचल रोडवेज की बस चौपाल से पांवटा साहिब की ओर आ रही थी। बताया जा रहा है कि करीब 10 बजे यह बस हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड की सीमा पर बसे क्वानू गांव से कुछ ही दूर पहुंची थी, कि तभी बस ड्राइवर बस से नियंत्रण खो बैठा और बस अनियंत्रित होकर करीब सौ मीटर गहरी खाई में जा गिरी। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने बिना देरी किए खुद ही रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया।
जानकारी के मुताबिक हादसे के वक्त बस में ड्राइवर , कंडक्टर और यात्रियों सहित 36 लोग सवार थे। दुर्घटना में दो महिलाओं और बस चालक समेत चार लोगों की मौत हो गई। चालक हिमाचल प्रदेश के चोपाल का और अन्य तीनों मृतक नेरवा क्षेत्र के रहने वाले थे। जबकि, एक दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं ग्रामीणों की सूचना पर स्थानीय पुलिस और एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंची और घायलों को 108 की मदद से पास के अस्पताल पहुंचाया गया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सड़क हादसे पर दुख जताते हुए जिला प्रशासन को राहत बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सभी नजदीकी अस्पतालों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जरूरत पड़ने पर किसी भी गंभीर घायल को एयरलिफ्ट कर उच्च चिकित्सा केन्द्रों में भर्ती कराया जाएगा।

Admin





