देहरादून में खनन रोकने गए वन अधिकारी पर हमले की घटना सामने आई है। मामला विकासनगर का है जहां खनन माफियाओं ने बीच हाईवे पर एसडीओ कालसी, चकराता वन प्रभाग राजीव नयन नौटियाल का कॉलर पकड़ उन्हें धक्का दिया और फिर साइड में ले जाकर नीचे गिराया और थप्पड़ बरसाए।
घटना से जुड़ा 37 सेकेंड का वीडियो भी वायरल हो रहा है जिसमें 20 से ज्यादा लोग एसडीओ चकराता को घेरकर मारते नजर आ रहे हैं। इस दौरान हाईवे पर मौजूद लोग एसडीओ की जान बचाने के लिए दौड़ते हुए दिखते हैं। अधिकारी को जान बचाकर भागना पड़ा ।
मामले में एसडीओ राजीव नयन नौटियाल ने कोतवाली विकासनगर में मामले की शिकायत की है, जिसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। इस बीच मामले में दूसरा पक्ष भी सामने आया है, जिसने इन सभी आरोपी को गलत बताया है और मामले की शिकायत दर्ज कराई है।
अधिकारी की ओर से दर्ज कराई गई एफआईआर में निम्न लोगों को नामजद किया गया है मनीष पुत्र दान सिंह, प्रदीप नेगी (वाहन चालक/स्वामी – UK07AQ8213), मजराम शर्मा और अन्य अज्ञात व्यक्ति साथ ही एक डंपर (UK07BQ6413) को अवैध खनन में प्रयुक्त बताया गया है।
घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और वन अधिकारी का मेडिकल परीक्षण कराया गया। अधिकारी ने आरोप लगाया है कि खनन माफिया से उन्हें जान का खतरा है और सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच उपनिरीक्षक संदीप पंवार को सौंपी है।

Admin





